SURYA NEWS INDIA

कुमारगंज में हरियाली तीज महोत्सव का भव्य आयोजन

अयोध्या जनपद के नगर पंचायत कुमारगंज स्थित उत्सव वाटिका में रविवार को सावन की हरियाली और महिलाओं की मुस्कान से सजी हरियाली तीज महोत्सव का आयोजन उत्सव के रूप में संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम ने न केवल सांस्कृतिक और सामाजिक एकता को बढ़ावा दिया, बल्कि महिलाओं के सशक्तिकरण और सामूहिकता को भी एक मंच प्रदान किया।

कार्यक्रम की जूरी जज पूजा अग्रहरि व पूजा जायसवाल थीं, जबकि संयोजन का दायित्व संगीता पांडे तथा रीता सिंह पत्नी प्रियव्रत उत्तम सिंह ने संभाला। कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि श्रीमती ध्रुव राज सिंह, जो वरिष्ठ पत्रकार राना सिंह की धर्मपत्नी हैं, उन्होंने अपने प्रेरणास्पद उद्बोधन में महिलाओं की सामाजिक भागीदारी की सराहना की। उन्होंने कहा, “हरियाली तीज महोत्सव केवल एक पर्व का उत्सव नहीं है, बल्कि यह महिलाओं को एकजुट कर उनकी शक्ति, संस्कृति और सामूहिकता को प्रदर्शित करने का एक अनूठा मंच है।

उन्होंने इस आयोजन को महिलाओं के सशक्तिकरण और सामाजिक एकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। आयोजिका नीतू जायसवाल ने बताया कि सावन मास में मनाई जाने वाली हरियाली तीज प्रकृति की हरियाली और उल्लास का प्रतीक है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन माता पार्वती ने भगवान शिव को पति के रूप में प्राप्त करने के लिए व्रत रखा था। तब से यह परंपरा चली आ रही है, जिसमें विवाहित महिलाएं अपने पति की लंबी आयु और सुखी वैवाहिक जीवन के लिए, जबकि अविवाहित कन्याएं मनचाहे वर की प्राप्ति के लिए व्रत रखती हैं। यह पर्व न केवल धार्मिक महत्व रखता है, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक एकता को भी मजबूत करता है।

कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सज-धजकर उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। म्यूजिकल चेयर, बैलून चिपकाओ, गाना पहचानो और डांस जैसी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं ने आयोजन को और भी रोमांचक बना दिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और नृत्य प्रदर्शनों ने दर्शकों का मन मोह लिया। स्वादिष्ट व्यंजनों की विविधता ने इस उत्सव को और भी यादगार बनाया। प्रतियोगिताओं में विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया, जिसने उनके उत्साह को और बढ़ाया। आयोजन में शामिल महिलाओं ने अपनी प्रतिभा और ऊर्जा से माहौल को जीवंत कर दिया।

इस आयोजन में कस्बा कुमारगंज की महिलाओं ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया, जिनमें पुष्पा पांडे, आरोही सिंह, पूनम अग्रहरि, सारिका अग्रहरि, तनू तिवारी, चंचल अग्रहरि, श्रद्धा कौशल, सोनाक्षी कसौधन, सविता गांधी, माही तिवारी, सपना कौशल, रेखा जायसवाल, सीमा गुप्ता, समिता पांडे, प्रियांशी, पूजा शर्मा, गरिमा, सागर, रिंकी कौशल, सोनम कौशल, रिचा, खुशबू और अन्य महिलाएं शामिल थीं।

Leave a Comment

error: Content is protected !!