
अयोध्या अमानीगंज। मिल्कीपुर रूदौली रोड़ पर खंडासा के अमानीगंज बाजार स्थित झबरा माईनर के पास शुक्रवार शनिवार रात एक तेज रफ्तार कार गन्ने से लदे ट्रैक्टर ट्राला में अनियंत्रित होकर पीछे से घुस गई, कार में सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला चिकित्सालय में इलाज के दौरान एक घायल संदीप कुमार की मौत हो गई, जबकि तीन घायलों का इलाज चल रहा है।
अमानीगंज बाजार के महात्मा गांधी चौराहे के पास स्थित एक मैरिज लान में रौनाही क्षेत्र के सोहावल बाजार निवासी सुधीर कुमार पुत्र काली प्रसाद की बरात आई थी, मैरिज लान में बरात छोड़कर वाहनों के चार चालक दूल्हे की कार लेकर कुछ खरीदारी करने के लिए अमानीगंज बाजार जा रहे थे, तभी रास्ते में बाजार के पूर्वी नाके पर झबरा माइनर के पास कार अनियंत्रित होकर गन्ना लदे ट्राला में घुस गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वह सौ मीटर तक घिसटती हुई चली गई, और कार सवार सभी चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर खंडासा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान रौनाही के खिरौनी गांव निवासी संदीप कुमार की मृत्यु हो गई। दुर्घटना में घायल रौनाही के ललकी पांडेय का पुरवा निवासी उदय तिवारी, कुर्मी का पुरवा निवासी हर्षित वर्मा, सोहावल गांव निवासी अशोक मौर्या का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतक और घायल सभी अलग-अलग वाहनों के ड्राइवर हैं।
प्रभारी निरीक्षक खंडासा सुरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि अभी किसी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलते ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।






