SURYA NEWS INDIA

सरयू स्नान कर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, मां गंभीर रूप से घायल

अयोध्या जनपद में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में सरयू स्नान कर घर लौट रहे इनायतनगर थाना क्षेत्र के एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गईं। यह हादसा पूराकलन्दर थाना क्षेत्र के अयोध्या रायबरेली हाइवे पर प्रभात नगर मोड़ के पास हुआ। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।
जानकारी के अनुसार, इनायतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम उरुवा वैश्य मजरे जमोलिया निवासी उमेश तिवारी (25) शनिवार देर रात अपनी मां मनभावती (65) के साथ सरयू स्नान के लिए अयोध्या गए थे। रविवार सुबह स्नान कर दोनों घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रभात नगर के पास किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। पीछे से आ रहे गांव के अन्य लोगों ने उन्हें घायल अवस्था में देखा और तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उमेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनकी मां मनभावती का इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव गांव पहुंचा, परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
परिजनों के अनुसार उमेश के पिता गोपीनाथ तिवारी का करीब सात वर्ष पहले निधन हो चुका था। दो वर्ष पूर्व ही उमेश की शादी हुई थी। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था। परिवार में मां मनभावती, पत्नी कंचन, बड़े भाई मुकेश कुमार और रमेश कुमार समेत अन्य सदस्य हैं। युवक की असमय मौत से पूरे गांव में गम का माहौल है

Leave a Comment

error: Content is protected !!