
अयोध्या। महाराजगंज थाना क्षेत्र के बिल्हार घाट बड़ी नहर में कूदकर लापता हुई युवती का शव पांच दिन बाद शारदा बड़ी नहर में बरामद हुआ। पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 6 फरवरी 2026 को पीआरवी 0916 को समय लगभग 3:52 बजे कॉलर शुभम विश्वकर्मा द्वारा सूचना दी गई कि बिल्हार घाट बड़ी नहर में एक महिला का शव दिखाई दिया है। सूचना पर पीआरवी टीम तत्काल मौके पर पहुंची। संबंधित पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की।
तहकीकात में पता चला कि सविता गौड़ उर्फ चुलबुली (20 वर्ष), पुत्री स्वर्गीय बजरंगी, निवासी ग्राम गोविंदपुर मजरे खानपुर, थाना महाराजगंज, किसी पारिवारिक विवाद के चलते नाराज होकर घर से निकल गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती ने अपनी चप्पल और मोबाइल पुल पर रखकर नहर में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह गहरे पानी में डूब गई। घटना के बाद से लगातार शव की तलाश की जा रही थी। बुधवार सुबह, घटना के छठे दिन ग्रामीणों ने शारदा बड़ी नहर के ग्राम दतौली के पास एक शव को बहते हुए देखा।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। मृतका की पहचान उसके भाई उमेश द्वारा सविता गौड़ के रूप में की गई।थाना अध्यक्ष महाराजगंज राजेश सिंह ने बताया कि पंचायतनामा सहित आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था सामान्य है और किसी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति नहीं है।






