SURYA NEWS INDIA

पुनीत फाउंडेशन की ओर से महिला सशक्तिकरण और पोषण सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

अयोध्या कुमारगंज। पुनीत फाउंडेशन ने ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और घरेलू पोषण स्तर सुधारने की दिशा में एक सराहनीय कदम उठाया है। बुधवार को आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में पोषण वाटिका (Nutrition Garden) की स्थापना पर विस्तृत चर्चा की गई, जिसमें ग्राम सभा की महिलाओं को घर के आसपास छोटे-छोटे पोषण उद्यान कैसे विकसित करें, इस पर प्रकाश डाला गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. साधना सिंह, डीन, सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय, आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कुमारगंज रही। उन्होंने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि घर पर ही अपनी आवश्यकता की सब्जियां उगाना न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है, बल्कि यह परिवार की पोषण सुरक्षा सुनिश्चित करता है तथा बाजार पर निर्भरता कम करता है। ताजी सब्जियों से मिलने वाले विटामिन, मिनरल्स और अन्य पोषक तत्व कुपोषण से लड़ने में सहायक सिद्ध होते हैं।

कार्यक्रम में 50 महिला किसानों को पुनीत फाउंडेशन की ओर से पोषण वाटिका का मिनी बीज किट वितरित किया गया। इन किटों में विभिन्न पौष्टिक सब्जियों के बीज शामिल थे, जिन्हें महिलाएं आसानी से घरेलू स्तर पर लगा सकती हैं।इस अवसर पर पुनीत फाउंडेशन के सचिव आकाश तथा सीटीओ रितेश मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। फाउंडेशन द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण विकास से जुड़ी कई गतिविधियां निरंतर चलाई जा रही हैं, जिसमें बीज वितरण, प्रशिक्षण और जागरूकता कार्यक्रम प्रमुख हैं।यह पहल आत्मनिर्भर भारत और पोषण अभियान के लक्ष्यों से जुड़ी हुई है, जो ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक एवं स्वास्थ्य दोनों स्तर पर मजबूत बनाने में सहायक सिद्ध होगी। पुनीत फाउंडेशन की यह सार्थक कोशिश ग्रामीण क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!