
मथुरा जिले के राया थाना क्षेत्र के भंकरपुर बसेला गांव में एक कलयुगी वारदात ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है। यहां एक बहू ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपनी सास की बेरहमी से हत्या कर दी और मौत को ‘साइलेंट हार्ट अटैक’ बताकर शव दफना दिया। पुलिस की सतर्कता और पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने आखिरकार सारा राज खोल दिया, जिसके बाद आरोपी बहू और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया गया है।पुलिस के अनुसार, घटना 2-3 मार्च की रात करीब 1 बजे की है। मृतका अनवरी बेगम (55 वर्ष) अपने बेटे आमिर की पत्नी हिना (25 वर्ष) के साथ घर में अकेली रहती थीं। आमिर और उनके पिता अनवर नोएडा में काम करते थे। हिना का पड़ोस में रहने वाले युवक आदिल (19 वर्ष) के साथ पिछले कुछ समय से अवैध संबंध चल रहा था।

रात के समय हिना और आदिल बिस्तर पर आपत्तिजनक हालत में थे, तभी अनवरी बेगम कमरे में आ गईं और उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया। सास ने पूरे गांव को बताने की धमकी दी, जिससे पोल खुलने का डर हुआ। इसी क्रोध और डर में हिना और आदिल ने मिलकर अनवरी बेगम का मुंह तकिए से दबाया और गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी। गले की हड्डी टूटने और दम घुटने से मौत हुई।हत्या के बाद हिना ने पति आमिर को फोन कर बताया कि “अम्मी कुछ बोल नहीं रही हैं, लगता है साइलेंट हार्ट अटैक आया है।” परिवार ने इसे हार्ट अटैक मानकर शव का अंतिम संस्कार कर दिया। हालांकि, ससुर और पति को मामला संदिग्ध लगा। ससुर ने पुलिस से शिकायत की, जिस पर डीएम के आदेश से 10 मार्च को कब्रिस्तान से शव निकालकर पोस्टमार्टम कराया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साफ हुआ कि मौत प्राकृतिक नहीं, बल्कि गला दबाने और दम घुटने से हुई है। गले की हड्डी टूटने की पुष्टि हुई। जांच में हिना ने अपना जुर्म कबूल लिया और बताया कि आदिल के साथ मिलकर उसने यह वारदात अंजाम दी। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त तकिया भी बरामद कर लिया है।राया थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों हिना और आदिल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एसएसपी श्लोक कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि जांच जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।यह घटना परिवारिक संबंधों में बढ़ते अविश्वास और अवैध संबंधों के खतरनाक परिणामों को उजागर करती है। पुलिस ने इलाके में ऐसी घटनाओं पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं।






