
अयोध्या जनपद के खंडासा थाना क्षेत्र अंतर्गत रामनगर अमावा सूफी गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में 26 वर्षीय युवक की रोटावेटर में फंसकर मौत हो गई। खेत की जुताई कर रहे युवक के कपड़े या शरीर किसी हिस्से के मशीन में फंस जाने से वह बुरी तरह घायल हो गया और मौके पर ही उसकी जान चली गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतक की पहचान हरि प्रसाद पुत्र राम अचल प्रजापति (26 वर्ष), निवासी रामनगर अमावा सूफी, थाना खंडासा के रूप में हुई है। घटना शुक्रवार दोपहर के आसपास हुई, जब हरि प्रसाद ट्रैक्टर से जुड़े रोटावेटर की मदद से खेत की जुताई कर रहा था। अचानक किसी कारणवश उसका शरीर या कपड़ा रोटावेटर के ब्लेड में फंस गया, जिससे वह तेजी से घूमते ब्लेड में खींच लिया गया।

परिजनों और ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।स्थानीय लोगों ने तुरंत सूचना दी, जिस पर खंडासा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और देखा जा रहा है कि क्या इसमें किसी की लापरवाही का मामला है या दुर्घटना थी।
परिजनों ने बताया कि हरि प्रसाद परिवार का मुख्य कमाने वाला सदस्य था और वह रोजाना खेती-बाड़ी के काम में लगा रहता था। इस अचानक हुई मौत से पूरा परिवार सदमे में है।
खण्डासा थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह दुर्घटना लग रही है, जांच पड़ताल की जा रही है।




