SURYA NEWS INDIA

सोना चांदी छोड़ गैस सिलेंडर उठा ले गए चोर

देश में चल रहे एलपीजी संकट के बीच चोरों की नजर अब गहनों से भरी अलमारियों या तिजोरियों पर नहीं, बल्कि रसोई में रखे गैस सिलेंडर पर टिक गई है। प्रयागराज के दारागंज थाना क्षेत्र के त्रिवेणी बांध इलाके में एक हैरान कर देने वाला चोरी का मामला सामने आया है, जहां चोर घर में घुसकर कीमती जेवरात और अन्य सामान को हाथ तक नहीं लगाया और सीधे रसोई से भरा-पूरा गैस सिलेंडर उठाकर ले गए। घटना की जानकारी देते हुए पीड़ित परिवार ने बताया कि आधी रात के बाद अज्ञात चोर उनके घर में घुसे। चोरों ने पूरे घर की तलाशी ली, लेकिन उन्होंने सोने-चांदी के गहने, नकदी या अन्य कीमती सामान को नजर अंदाज कर दिया। उनकी नजर सिर्फ रसोई में रखे एलपीजी गैस सिलेंडर पर पड़ी, जिसे उन्होंने उठाकर ले गए। परिवार ने दो दिन पहले ही नया सिलेंडर भरवाकर लाया था, जो जंजीर से बंधा हुआ था। फिर भी चोरों ने उसे आसानी से काटकर या खोलकर ले जाने में सफलता हासिल कर ली। सुबह जब परिवार के सदस्य उठे तो रसोई में सिलेंडर गायब देखकर हैरान रह गए। उन्होंने तुरंत दारागंज पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि चोरों ने घर में घुसने के लिए किसी खिड़की या दरवाजे का इस्तेमाल किया, लेकिन कोई बड़ा नुकसान नहीं पहुंचाया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और आसपास के इलाके की जांच कर रही है।पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस तरह की घटना पहले भी बहरिया इलाके में रिपोर्ट हुई थी, जिससे लगता है कि सिलेंडर चोरों का कोई गैंग सक्रिय हो सकता है। देशभर में एलपीजी की कमी और बढ़ती महंगाई के कारण सिलेंडर की कालाबाजारी बढ़ रही है, जिसका फायदा उठाकर चोर ऐसे अनोखे तरीके अपनाने लगे हैं।पीड़ित परिवार ने पुलिस से जल्द से जल्द चोरों को पकड़ने की अपील की है। उन्होंने कहा, “हम सोच भी नहीं सकते थे कि चोर गहने छोड़कर सिर्फ सिलेंडर ले जाएगा। अब रसोई चलाना मुश्किल हो गया है।”दारागंज थाने में चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आसपास के गैस एजेंसियों तथा कबाड़ बाजार में भी सिलेंडर की तलाश शुरू कर दी गई है। यह घटना प्रयागराज वासियों में चर्चा का विषय बन गई है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!