
अयोध्या अयोध्या जनपद के खण्डासा थाना क्षेत्र के रेवली गांव में एक 17 वर्षीय किशोरी का शव कुएं में मिलने से हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान छोटेलाल मौर्य की पुत्री निशा मौर्य के रूप में हुई है। वह मंगलवार दोपहर परिजनों से नाराज होकर घर से निकली थी।
परिजनों के अनुसार, किशोरी के अचानक घर छोड़ने के बाद उन्होंने उसकी काफी खोजबीन की। रिश्तेदारों और आसपास के गांवों में भी तलाश की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। देर रात तक कोई सुराग न मिलने पर ग्रामीणों की मदद से कुओं और तालाबों में भी तलाशी अभियान चलाया गया बुधवार सुबह गांव के कुछ लोगों ने घर से करीब 200 मीटर दूर स्थित एक कुएं में किशोरी का शव उतराता हुआ देखा।

ग्रामीणों ने तत्काल किशोरी के परिजनों और खण्डासा पुलिस एवं फायर ब्रिगेड टीम को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद गांव लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही है।
खण्डासा थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार किशोरी घर से नाराज होकर निकली थी और उसकी तलाश की जा रही थी। उन्होंने पुष्टि की कि शव घर से लगभग 200 मीटर की दूरी पर स्थित कुएं में मिला है। थाना प्रभारी ने कहा कि फिलहाल घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही किशोरी की मौत की परिस्थितियों का खुलासा हो पाएगा। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और सभी पहलुओं पर गौर किया जा रहा है।






