
अयोध्या जनपद के कुमारगंज थाना क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ता के साथ पुलिस द्वारा पिटाई का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। गुरुवार को भाजपा जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी, जिला मीडिया प्रभारी सुशील मिश्रा स्थानीय लोगों के साथ पीड़ित के घर पहुंचे और उसका हाल-चाल जाना। उन्होंने अब तक हुई पुलिस कार्रवाई को अपर्याप्त बताते हुए संबंधित अधिकारियों से घटना में शामिल पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने पीड़ित से पूरी घटना की जानकारी ली। बातचीत के दौरान हरेकृष्णा पांडे भावुक हो गए और रोते हुए बताया कि उनके साथ पुलिस ने अपराधी जैसा व्यवहार किया है। इस पर जिलाध्यक्ष ने उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया। और मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी से फोन पर बात की और उन्हें पीड़ित के घर पहुंचकर मामले की निष्पक्ष जांच करने की बात कही।

आपको बता दें कि बीते 13 अप्रैल की शाम हरेकृष्णा पांडे कुमारगंज बाजार अपनी मोटरसाइकिल में तेल भरवाने गए थे। इस दौरान उनकी बाइक की टंकी में चाबी नहीं लग रही थी, जिस पर उन्होंने पास खड़े सिविल ड्रेस में मौजूद एक सिपाही से चाबी मांगी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मौके पर पहुंचे एक दरोगा समेत तीन अन्य सिपाहियों ने हरे कृष्णा पांडे की पिटाई कर दी। जिसके बाद घटना का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

जानकारी मिलने पर मिल्कीपुर विधायक चंद्रभानु पासवान भाजपा कार्यकर्ताओं और व्यापारियों के साथ थाने पहुंचे और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर अड़ गए। करीब दो घंटे तक चले हंगामे के बाद उच्च अधिकारियों द्वारा तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर करते हुए जांच के आदेश दिए गए। इस मौके पर विजय कुमार उपाध्याय अग्गू, लवकुमार मिश्रा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।






