अमानीगंज क्षेत्र के रामनगर अमावासूफी स्थित श्रीराम जानकी महाविद्यालय में ‘विद्यादान महादान’ अभियान की शुरुआत

अयोध्या जनपद के अमानीगंज क्षेत्र में स्थित रामनगर अमावासूफी के श्रीराम जानकी महाविद्यालय ने शिक्षा के क्षेत्र में एक अनुकरणीय उदाहरण पेश किया है। महाविद्यालय के प्रधानाचार्य ने ‘विद्यादान महादान’ को सर्वश्रेष्ठ दान मानते हुए स्नातक एवं परास्नातक स्तर के सभी कोर्सेस में फीस मुक्त प्रवेश की घोषणा कर दी है। विशेष रूप से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत लड़कियों को पूर्ण पाठ्यक्रम अवधि तक निःशुल्क शिक्षा प्रदान करने का ऐलान कर दिया है।

महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार, बीए, बीएससी, बीकॉम, बीएससी एग्रीकल्चर, बीएससी होम साइंस समेत विभिन्न स्नातक विषयों में प्रवेश लेने वाली सभी छात्राओं को प्रथम सेमेस्टर से लेकर अंतिम सेमेस्टर तक पूरी फीस माफ कर दी जाएगी। परास्नातक कक्षाओं में भी दो सेमेस्टर का शुल्क पूर्णतः मुक्त रखा गया है। इसके साथ ही सभी छात्राओं के लिए स्नातक एवं परास्नातक के सभी सेमेस्टर में प्रवेश निःशुल्क किया जा रहा है।

इस अभियान के तहत महाविद्यालय ने और भी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। प्रवेश लेने वाले सभी छात्र-छात्राओं को उच्च गुणवत्ता वाले बैग, एक मुश्त पाठ्य पुस्तकें तथा अभ्यास पुस्तिकाएं निःशुल्क वितरित की जाएंगी। सभी विषयों की प्रैक्टिकल फीस भी शून्य कर दी गई है। राज्य सरकार एवं केंद्र सरकार द्वारा संचालित सभी प्रकार की छात्रवृत्तियों का लाभ छात्राओं को बिना किसी बाधा के मिल सकेगा। साथ ही ‘डिजी शक्ति’ कार्यक्रम के अंतर्गत स्मार्टफोन एवं टैबलेट जैसी डिजिटल उपकरणों की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। यहां आधुनिक शिक्षण विधियों, अनुभवी प्राध्यापकों और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर की उपलब्धता छात्रों के समग्र विकास में सहायक सिद्ध होगी।

महाविद्यालय की यह पहल न केवल स्थानीय बल्कि आसपास के छात्र-छात्राओं के लिए भी राहत भरी खबर साबित होगी। जिन इच्छुक छात्र-छात्राओं को इस निःशुल्क प्रवेश अभियान का लाभ उठाना है, वे महाविद्यालय परिसर में संपर्क कर सकते हैं। विस्तृत जानकारी के लिए महाविद्यालय कार्यालय में संपर्क करने की सलाह दी गई है। यह अभियान शिक्षा को सुलभ बनाने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।






