
कुमारगंज अयोध्या। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे सर्विस लेन पर तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक के पास खड़े किशोर समेत एक बालक को टक्कर मार दिया। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए स्थानीय लोगों ने उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। जहां पर डॉक्टरों ने देखते ही किशोर को मृत घोषित कर दिया। वहीं 4 वर्षीय बालक का प्राथमिक उपचार कर हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार फतेहपुर रंगवा गांव निवासी रामचंद्र अपने 15 वर्षीय बेटे लवकुश व 4 वर्षीय बेटे आशीष को मोटरसाइकिल पर बैठाकर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के सर्विस लेने से पीर बाबा की मजार पर प्रसाद चढ़ाने जा रहे थे। थाना कुमारगंज क्षेत्र के कुड़वा गांव के पास मोटरसाइकिल खड़ी कर पेशाब करने लगे। मोटरसाइकिल के पास दोनों बेटे खड़े थे तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप ने टक्कर मार दिया। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पिता के चीखने चिल्लाने पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देते हुए दोनों घायलों को उपचार के लिए 100 शैय्या अस्पताल कुमारगंज भिजवाया। इमरजेंसी में तैनात डॉ विकास यादव ने देखने के बाद 15 वर्षीय लवकुश को मृत घोषित कर दिया वही चार वर्षीय बालक आशीष की हालत गंभीर देख जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।पुलिस चौकी प्रभारी देवगांव अभिषेक त्रिपाठी ने 15 वर्षीय मृतक लव कुश के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चौकी प्रभारी ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है तहरीर मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्यवाही की जाएगी।




