SURYA NEWS INDIA

कोटेदार की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत, पुलिस छान बीन में जुटी

अयोध्या। इनायत नगर थाना के ग्राम पलिया प्रताप शाह के कोटेदार साहब बरदान सिंह उम्र करीब 50 वर्ष की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। उनकी मौत के बाद क्षेत्र में अफवाह फैल गई की उन्हे गोली मार दिया गया। जिसके बाद भारी संख्या में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और पुलिसिया जांच में कोटेदार की मौत बाइक चलाते समय अनियंत्रित होकर गिरने से बताया जा रहा है। मिली खबर के मुताबिक बृहस्पतिवार को शाम करीब 4:00 बजे कोटेदार साहब बरदान सिंह को गोली मारे जाने की अफवाहें तेज हो गईं। जानकारी पाकर इनायत नगर थाने के प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार सिंह भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। हालांकि पुलिस के पहुंचने के पहले कोटेदार को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया जा चुका था। जिला अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया और स्थानीय पुलिस को सूचना दी। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने उनका शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्यवाही शुरू की। प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार सिंह ने बताया कि सूचना के बाद मौके पर पहुंचने पर जानकारी प्राप्त हुई कि कोटेदार बाइक से जा रहे थे और अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गए थे। जिसके चलते उन्हें नाक से खून आ गया था। मौके पर पहुंचे लोगों ने आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया। गोली मारे जाने की अफवाह पूरी तरह से गलत है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कोटेदार की संदिग्ध मौत के रहस्य का पर्दा उठ सकेगा।

Leave a Comment

error: Content is protected !!