
उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) में सीमा हैदर के ऊपर उनके घर पर एक जानलेवा हमला हुआ। हमले के बाद से परिवार में दहशत का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब 7 बजे, गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले के निवासी तेजस झानी नामक एक युवक ने सीमा हैदर के घर में जबरन प्रवेश किया। उसने पहले दरवाजे पर लात मारी, फिर सीमा का गला दबाने की कोशिश की और उन्हें तीन-चार थप्पड़ मारे। सीमा के शोर मचाने पर परिवार वाले और आसपास के लोग इकट्ठा हुए, जिन्होंने हमलावर को पकड़कर उसकी पिटाई की और पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस ने तेजस झानी को हिरासत में लिया और उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया। पूछताछ में उसने दावा किया कि सीमा ने उस पर “काला जादू” किया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी का मानसिक स्वास्थ्य ठीक नहीं है, और मामले की जांच जारी है।
इस घटना के बाद सीमा हैदर ने मीडिया से दूरी बनाए रखी है। उनके वकील एपी सिंह ने बताया कि सीमा और उनके परिवार को पाकिस्तान समर्थित तत्वों से लगातार धमकियां मिल रही हैं, जिसके कारण उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
नोएडा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है और उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस ने यह भी पुष्टि की कि हमलावर के इरादों और मानसिक स्थिति की गहन जांच की जा रही है। मामले की जांच अभी चल रही है।





