
अयोध्या जनपद के थाना कुमारगंज क्षेत्र के धमथुआ पूरे लीला का पुरवा निवासी 35 वर्षीय राम केवल यादव का शव बीते शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में कृषि विश्वविद्यालय के उमरहर फॉर्म के पास चक रोड पर पाया गया। जो काफी पुराना होने के कारण पहचान में नहीं आ रहा था शव मिलने के बाद पुलिस ने शिनाख्त शुरू कर दी, रविवार को थाना अध्यक्ष कुमारगंज ओमप्रकाश ने बताया कि, मृतक दीपावली के दिन लकड़ी बिनने के लिए जंगल गया था, तभी से वह लापता था।
घटना की जानकारी मिलने के बाद एसपी ग्रामीण अयोध्या बलवंत चौधरी ने शनिवार को घटनास्थल का दौरा किया था तथा फॉरेंसिक टीम की यूनिट भी जांच में जुटी थी। इस घटना ने स्थानीय लोगों में हड़कंप मचा दिया है, और पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है। पुलिस के अनुसार राम केवल यादव, पुत्र संदलू, दीपावली के दिन सुबह अपने घर से लकड़ी बिनने के लिए निकला था। इसके बाद से उसका कोई अता-पता नहीं था। मृतक की पत्नी उस समय अपने मायके गई हुई थी, जिसके कारण परिवार को भी उसकी अनुपस्थिति की जानकारी नहीं हो सकी। राम केवल के पांच बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटे और दो बेटियां शामिल हैं, सभी बच्चे नाबालिक हैं, शनिवार को राम केवल का शव कृषि विश्वविद्यालय के उमरहर फॉर्म के पास चक रोड पर मिला। प्रारंभिक जांच में पता चला कि मृतक की साइकिल का हैंडल विश्वविद्यालय द्वारा लगाए गए झटका मशीन (इलेक्ट्रिक फेंसिंग) के तारों से टच था। इस वजह से संदेह जताया जा रहा है कि मृत्यु का कारण बिजली का करंट तो नहीं है। हालांकि, थाना अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि मृत्यु के सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।स्थानीय लोगों ने बताया कि राम केवल यादव की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी। वह अपने परिवार का भरण-पोषण करने के लिए छोटे-मोटे काम करता था। दीपावली जैसे त्योहार के समय लकड़ी बिनने की जरूरत भी उसकी आर्थिक तंगी को दर्शाती है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की तहकीकात शुरू कर दी है। थाना अध्यक्ष ने बताया कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है, और जल्द ही इस मामले में स्पष्टता आएगी।





