
सभासदों ने बताया कि दबंग चेयरमैन ने पहले भी कई लोगों से की है मारपीट
नगर पंचायत के स्वच्छता कार्यक्रम की असलियत दिखाने से नाराज था चेयरमैन
सरीला हमीरपुर। चेयरमैन व उसके गुर्गों द्वारा पत्रकारों के साथ मारपीट करने की घटना सामने आई है। नगर पंचायत सरीला के स्वच्छता कार्यक्रम की असलियत लिखने से नाराज चेयरमैन पवन अनुरागी ने पत्रकार अमित त्रिवेदी व शैलेंद्र मिश्रा को एक साजिश के तहत घर बुलाकर कमरे में बंद कर लिया। कमरे में पहले से ही एक दर्जन लोग मौजूद थे जैसे ही दोनों कमरे में अंदर घुसे वैसे ही घात लगाए लोगों ने दोनों पत्रकारों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पत्रकारों को निर्वस्त्र कर पीटने के बाद चेयरमैन व उसके गुर्गों ने पत्रकारों के हाथ में तमंचा थमाने के बाद उसका वीडियो भी बनाया। वहीं सभासदों का कहना है कि इसके पहले भी चेयरमैन कई लोगों पर हमला कर चुका हैं। दरोगा के साथ मारपीट भी की थी, भाजपा का दामन थामने के कारण वह हर बार बच निकलता हैं। दोनों पत्रकार ने हमीरपुर के जरिया थाना जाकर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने डॉक्टर की परीक्षण कर कार्रवाई शुरू कर दी है।




