
अयोध्या बीकापुर। कोतवाली क्षेत्र के खजुरहट के समीप प्रयागराज हाईवे पर सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में कार चालक युवक की दर्दनाक मौत हो गई जबकि कार में सवार एक महिला तीन बच्चों सहित चार लोग घायल हो गए। कार सवार प्रयागराज से गोरखपुर जा रहे थे। जैसे ही खजुरहट के पास पहुंचे कार अनियंत्रित होकर हाईवे के किनारे खड़ी ट्रक से टकरा गई। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई और कार के परखच्चे उड़ गए।
दुर्घटना में कार चालक अभिषेक त्रिपाठी 45 वर्ष निवासी सरस्वतीपुरम थाना शाहपुर जनपद गोरखपुर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। तथा कार में बैठी उनकी पत्नी सोनी त्रिपाठी 42 वर्ष और दो पुत्रियां सान्हवी 7 वर्ष, श्रीमिका 3 माह तथा 15 वर्षीय निशि पांडेय पुत्री राजीव पांडेय घायल हो गई। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस द्वारा कड़ी मशक्कत के बाद मृतक और सभी घायलों को कार से बाहर निकला गया। तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीकापुर पहुंचाया गया। जांच पड़ताल के बाद इमरजेंसी में मौजूद चिकित्सक अनुराग गुप्ता ने अभिषेक त्रिपाठी को मृत घोषित कर दिया। तथा अभिषेक की पत्नी सोनी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया किया। कोतवाली पुलिस द्वारा सूचना मिलने के बाद अस्पताल पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया। लोगों द्वारा बताया गया कि खजुरहट चौराहे के दक्षिण ट्रक चालक मोरंग भर कर अपनी ट्रक ले आकर यहां खड़ी करते हैं तथा बिक्री करते हैं। मोरंग भरी ट्रकों के इधर-उधर खड़ी रहने से दुर्घटना की आशंका हमेशा बनी रहती है।




