SURYA NEWS INDIA

हिंदू लड़के के साथ घूमने के शक में मुस्लिम लड़कियों की पिटाई… हिजाब उतार कर वीडियो बनाया

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक अजीबो गरीब घटना सामने आई है। जहां दो मुस्लिम लड़कियों की स्थानीय भीड़ ने इसलिए पिटाई कर दी क्योंकि उन्हें शक था कि वो लड़कियां हिन्दू लड़कों के साथ घूम रहीं थीं। वहां मौजूद लोगों ने लड़कियों के चेहरों से हिजाब हटाया और उनका वीडियो बनाने लगे। इस दौरान भीड़ से कई लोगों ने लड़कियों को थप्पड़ भी जड़ दिया। इस मामले में पीड़ित लड़कियों ने अज्ञात लोगों के खिलाफ देवबंद थाने में एफआईआर भी दर्ज करवाई है।

दरअसल मुस्लिम लड़कियां हिजाब पहने हुए थीं और वहां मौजूद कुछ मुस्लिम समुदाय के लोग ये देखकर भड़क गए कि हिजाब वाली लड़कियां किसी के साथ घूम रहीं हैं। और बिना जांच पड़ताल के मुस्लिम लड़कियों की पिटाई करना शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने लड़कियों के हिजाब उतारे जाने का और उनकी पिटाई करने का वीडियो भी बना लिया था और इस वीडियो को उन लोगों ने सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया था। ये वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वहीं जब ये पता किया गया कि वो लड़का कौन है तो वो मुस्लिम समुदाय का लड़का निकला। तब उन लोगों ने लड़कियों के परिजनों को बुलाने की बात कह कर लड़कियों को धमकाया। इस मामले को लेकर पीड़ित लड़कियों ने पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज करवाया है। और कार्यवाही की मांग की है।

वहीं पुलिस ने मीडिया से हुई बातचीत में बताया 13 दिसंबर 2024 को थाना देवबंद पर एक महिला ने शिकायत दी है कि जब 11 दिसंबर को वो अपनी बहन के साथ वक्फ दारुल उलूम के साथ अपनी रिश्तेदारी में मिलकर वापस अपने घर आ रहीं थीं तभी रास्ते में अज्ञात मोटर साइकिल सवार व्यक्ति ने उनसे सहारनपुर जाने का रास्ता पूछा और वो रास्ता बताने लगीं। ये देखकर वहां आस-पास के कुछ लोग इकट्ठे हो गए और महिला के साथ दुर्व्यवहार किया, गाली गलौज की और वीडियो बनाने लगे और ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। महिला की शिकायत पर थाना देवबंद में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है और इसमें वायरल वीडियो के आधार पर एक व्यक्ति को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है वहीं बाकी लोगों को भी वीडियो के आधार पर चिन्हित किया जा रहा है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!