SURYA NEWS INDIA

अतिक्रमण के भेंट चढ़ा खंडासा बाजार का चौराहा, जिम्मेदार मौन

अयोध्या जनपद के मिल्कीपुर तहसील अंतर्गत खांडसा बाजार चौराहे के सरकारी भूमि पर भू माफियाओं की निगाहें गड़ी हुई हैं, दिन प्रतिदिन अतिक्रमण किया जा रहा है जिम्मेदार जानते हुए भी मौन है।


आपको बता दें कि मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र के चर्चित बाजार खंडासा चौराहे के पास अमानीगंज मार्ग पर शिवालय के साथ साथ हनुमान जी व काली माता का मंदिर है जहां पर बाजार व क्षेत्रवासी प्रतिदिन पूजा पाठ व शिवालय में जलाभिषेक करते हैं। मंदिर के आसपास दोनों सड़क तक सरकारी जमीन है जिस पर दीपक सब्जी भंडार तथा रंगीला पान भंडार के मालिकों के द्वारा अवैध अतिक्रमण करके सड़क व मंदिर परिसर में आने जाने में अवरोध उत्तपन्न किया जा रहा है। यही नहीं परिसर में सरकारी हैंडपंप लगा हुआ है जिसपर दोनों तरफ से कब्जा कर लिया गया है पीछे से एक रास्ता बचा हुआ है यदि जिम्मेदार ध्यान नहीं देंगे तो बहुत जल्द ही सरकारी हैंडपंप का नामो निशान मिट जायेगा अतिक्रमणकारी हैंडपंप को दुकान की जद में ले लेंगे। पास में स्थित बड़ौदा ग्रामीण बैंक में आने वाले उपभोक्ताओं का मात्र यही हैंडपंप प्यास बुझाता है जो अब अतिक्रमण के भेंट चढ़ गया है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों दुकानदारों की निजी दुकान व मकान चौराहे से थोड़ी दूर पर सड़क किनारे स्थित है जिसे यह लोग किराए पर देकर चौराहे की बेशकीमती सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया है। पूर्व में अशोक द्वारा 5 फिट की गुमटी रख कर धीरे धीरे टीनशेड में दुकान का निर्माण कर लिया गया तथा हाल ही में रात के अंधेरे में पुनः मंदिर के तरफ कब्जा कर लिया गया जिससे स्थानीय लोगों में काफी रोष व्याप्त है।


सावन में महिलाएं भोलेनाथ को जलाभिषेक करने व मां भगवती को प्रसन्न करने के लिए प्रतिदिन मंदिर पर पहुंचकर पूजा पाठ करने के बाद परिक्रमा और शीतला माता का वास मानकर पास में स्थित नीम के वृक्ष पर जल चढ़ाती थी। बीते कुछ दिनों से दुकानदारों द्वारा फेरी स्थल और नीम के वृक्ष तक कब्जा कर लिया गया है जिससे महिलाएं काफी रुष्ट है।

चौराहे से चंद कदम दूरी पर पूरे दला संपर्क मार्ग पर स्थित श्रीमती मर्यादा कुंवर विद्यालय है जिसमे छोटे छोटे बच्चे पढ़ते है स्कूल में छुट्टी होने पर बच्चे सीधे घर को भागते हैं चौराहे पर अतिक्रमण होने के नाते सड़क पर आने जाने वाली गाड़ियां उन्हें दिखाई नहीं देती जिससे बहुत बड़ी दुर्घटना भी घट सकती है।

सड़क के किनारे तक अतिक्रमण होने के नाते कभी-कभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खांडसा में स्थित एम्बुलेंस 108 व 102 के वाहनों को जाम का सामना करना पड़ता है।
यदि स्थानीय प्रशासन द्वारा शीघ्र ही संज्ञान नहीं लिया जाता तो स्थानीय दुकानदारों द्वारा वेशकीमती सरकारी भूमि पर स्थाई कब्जा कर लिया जाएगा।

Leave a Comment

error: Content is protected !!