
अयोध्या। राम भक्तों का करीब 500 वर्षों का लंबा इंतजार आज खत्म हो गया है। भगवान श्रीराम अब अयोध्या में विराजमान हो गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर पूजा- अर्चना में शामिल हुए।
इस मौके पर प्रधानमंत्री के साथ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत और उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। प्रभु श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा के बाद रामलला की पहली तस्वीर भी सामने आई है।
रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने राम भक्तों को भी संबोधित करते हुए कहा कि हमारे राम आ गए हैं। अब रामलला टेंट में नहीं रहेंगे, बल्कि अब वो एक भव्य मंदिर में रहेंगे। इतना ही नहीं
प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा कि ये भव्य राम मंदिर भारत के उदय का साक्षी बनेगा। ये मंदिर सिखाता है अगर लक्ष्य सत्यप्रमाणित हो तब उस लक्ष्य को प्राप्त करना असंभव नहीं है। अब भारत आगे बढ़ने वाला है। हम सबने इस कालखंड का इंतजार किया है। हम अब नहीं रूकेंगे। हम विकास की ऊंचाई तक जाकर ही रहेंगे।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी प्राण प्रतिष्ठा में शामिल लोगों को संबोधित किया उन्होंने कहा कि मंदिर वहीं बना है, जहां इसे बनाने का हमने संकल्प लिया था। राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के साक्षी बनने के लिए 7000 हजार से ज्यादा वीवीआईपी भी अयोध्या पहुंचे थे। बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन, रणबीर कपूर, आलिया भट्ट, माधुरी दीक्षित समेत कई सितारे तथा क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर अयोध्या आए, रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर देश के कई राज्यों में आज छुट्टी घोषित कर दी गई थी।




