
मिल्कीपुर तहसील के रायपट्टी गांव स्थित गन्ने के खेत में तेज हवा के चलते हुई शॉर्ट सर्किट से गन्ने की फसल में आग लग गई, जिससे करीब 10 बीघा फसल जलकर राख हो गया। इस घटना से किसानों का लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। वहीं किसानों ने विद्युत विभाग से मुआवजे की गुहार लगाई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना खण्डासा क्षेत्र के रायपट्टी गांव के कृषक विष्णु कुमार सिंह व महीपत सिंह के खेतों के ऊपर से हाई टेंशन लाइन गुजर रही है तथा विद्युत पोल भी लगा हुआ। शनिवार की दोपहर बाद तेज हवा चलने के कारण तार में शॉर्ट सर्किट के कारण चिंगारी निकली और आग लग गई। पड़ोस के खेत में मजदूरों द्वारा गन्ने की कटाई की जा रही थी। गन्ने के खेत में आग लग गई है और तेज हवा के चलते गन्ना बहुत तेजी से जल रहा है।पास के खेत में गन्ना कटा रहे मजदूरों के गुहार लगने पर ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और विद्युत विभाग को जानकारी देते हुए विद्युत सप्लाई बंद कराते हुए आग बुझाने में जुट गए लेकिन जब तक ग्रामीण आग बुझा पाते तब तक करीब 10 बीघा खड़ी गन्ने की फसल जलकर राख हो गई। वहीं किसानों का कहना है कि यह घटना बिजली विभाग के लापरवाही से हुई है। अब उनकी फसल को शुगर मिल वाले भी सही दाम में अब नहीं लेंगे, जिससे उन्हें काफी नुकसान का सामना करना पड़ेगा।उपखंड अधिकारी कुमारगंज संतोष कुमार का कहना है कि गन्ने के खेत में आग लगने की जानकारी प्राप्त हुई है। लेकिन स्पष्ट नहीं हो पाया है कि शाॅर्ट सर्किट से ही लगी है या अन्य कारणो से फिलहाल जांच कराया जाएगा यदि शार्ट सर्किट से किसानों की फसल का नुकसान हुआ है तो उचित मुआवजा भी दिलाया जाएगा।




