SURYA NEWS INDIA

ज्ञानोदय आदर्श शिक्षण संस्थान उधुई में विश्व महिला दिवस पर DPRO ने कहा: समाज की उन्नति लैंगिक समानता के बिना संभव नहीं

मिल्कीपुर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ज्ञानोदय आदर्श शिक्षण संस्थान उधुई मिल्कीपुर परिसर में, शुक्रवार को वार्षिकोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि जिला पंचायतीराज अधिकारी दमनप्रीत अरोड़ा ने कहा कि समानता एक सुंदर और सुरक्षित समाज की वह नींव है, जिस पर विकास रूपी इमारत बनाई जा सकती है। लैंगिक समानता के आधार पर ही समाज की उन्नति है, लैंगिक समानता के बिना उन्नति संभव नहीं है। लगातार प्रयासों से समाज की मानसिकता में धीरे-धीरे परिवर्तन आ रहा है, जिसके परिणामस्वरूप महिलाओं से संबंधित मुद्दों पर गंभीरता से विमर्श किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कल का समाज कैसा होगा, यह आज के युवा ही तय करेंगे। ऐसे में महिलाओं को लेकर सामाजिक पूर्वाग्रहों को तोड़ने के लिए युवाओं को आगे आना होगा। हमें एक ऐसा समाज बनाना होगा, जहां महिलाओं को राजनीतिक, सामाजिक, आर्थिक और वैचारिक आधार पर पूर्ण स्वतंत्रता हो। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि भारतीय जीवन बीमा निगम के ब्रांच मैनेजर नवनीत मिश्रा, एवं विद्यालय के प्रबंधक बीपी पांडेय ने भी संबोधित किया। इस मौके पर विद्यालय के छात्र छात्राओं द्वारा, मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया।

Leave a Comment

error: Content is protected !!