SURYA NEWS INDIA

देश सेवा को समर्पित था डा. अंबेडकर का जीवन- कुलपति

कृषि विवि में मनाई गई भारत रत्न डा. भीमराव अंबेडकर की 133वीं जयंती

आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय में भारत रत्न बाबा साहब डा. भीमराव अंबेडकर की 133वीं जयंती मनाई गई। कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डा. बिजेंद्र सिंह व अन्य अतिथियों ने अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कुलपति डा. बिजेंद्र सिंह ने कहा कि बाबा साहब सिर्फ एक नाम ही नहीं एक विचार हैं, जिन्होंने हमेशा समाज को राह दिखाई है। उनका पूरा जीवन देश की सेवा को समर्पित था। कुलपति ने कहा कि वे संविधान के निर्माता होने के साथ-साथ एक महान वि‌द्वान, वकील, समाज सुधारक और स्वतंत्रता सेनानी भी थे। डा. अंबेडकर ने सभी लोगों के लिए न्याय और समानता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण कानूनी सुधारों का नेतृत्व किया। कृषि महाविद्यालय की अधिष्ठाता डा. प्रतिभा सिंह ने कहा कि डा. अंबेडकर समाज में व्याप्त छूआछूत, दलितों, महिलाओं एवं मजदूरों से भेदभाव जैसी कुरीतियों को दूर करने का काम किया है। डा. अंबेडकर ने संविधान बनाने से पहले कई देशों के संविधानों का अध्ययन किया था। सामाजिक न्याय, समानता और लोकतंत्र पर उनके विचार आज भी लोगों को प्रेरित करते हैं। छात्र कल्याण अधिष्ठाता डा. डी.के दिवेदी कहा कि डा. भीमराव आंबेडकर किताबों को पढ़ने के शौकीन होने के साथ-साथ उन्होंने कई पुस्तकें भी लिखीं। उनके आदर्शों को सभी को आत्मसात करना चाहिए। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने भी बाबा साहब पर अपने विचारों को रखा। डा. एस.सी विमल के संयोजन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया तथा संचालन डा. सीताराम मिश्रा ने किया। इस मौके पर विवि के समस्त अधिष्ठाता, निदेशक, शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Comment

error: Content is protected !!