
कुलपति डा. बिजेंद्र सिंह ने अयोध्या में बने दोनों परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण
उत्तर प्रदेश संयुक्त कृषि प्रवेश परीक्षा (यूपी कैटेट) 2024 के पहले दिन कुल 11158 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। वहीं दूसरी तरफ अयोध्या में बने दो केंद्रों पर कुल 1025 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के कुलपति डा. बिजेंद्र सिंह ने अयोध्या के सभी दो केंद्रों पर चल रही परीक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नकलविहीन परीक्षा कराए जाने को लेकर अधिकारियों को सख्त हिदायत दी।

अयोध्या में राजकीय गर्ल्स इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) और गुरुनानक इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा सुबह नौ से 12 बजे तक हुई। परीक्षा के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को जांच-पड़ताल के बाद प्रवेश दिया गया। कृषि विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी आशुतोष सिंह ने बताया कि कृषि स्नातक में प्रवेश परीक्षा के लिए कुल 12390 छात्रों को पंजीकृत किया गया था जबकि अयोध्या में कुल 1105 अभ्यर्थी पंजीकृत थे।

परास्नातक एवं पीएचडी की परीक्षाएं आज प्रथम पाली में नौ से 12 बजे तक एवं एमबीए की परीक्षा द्वीतीय पाली में तीन से पांच बजे तक आयोजित की जाएंगी। दूसरे दिन की परीक्षा के लिए 4882 छात्र छात्राओं को पंजीकृत किया गया है। परास्नातक एवं पीएचडी की परीक्षाओं के लिए वाराणसी, अयोध्या, लखनऊ, बांदा, कानपुर व मेरठ जिलों में ही परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।





