
कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही शनिवार को आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कुमारगंज पहुंचे। यहां मंत्री ने वृहद वृक्षारोपण महाअभियान में हिस्सा लिया। नेहरू पुस्तकालय के सामने लगभग दो हेक्टेयर क्षेत्र में पौधे लगाए गए। इस अभियान का शुभारंभ कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, कुलपति कर्नल डा. बिजेंद्र सिंह व मिल्कीपुर विधायक चंद्रभानु पासवान ने महोगनी एवं फलदार पौधों को लगाकर किया। विवि के समस्त शिक्षकों, वैज्ञानिकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने लगभग 2000 हजार पौधों को लगाया।

इस मौके पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि मां के प्रति सम्मान एवं प्रकृति के प्रति अपने कर्तव्यों को समर्पित यह अभियान, भावी पीढियों के लिए हरित और सुरक्षित भविष्य की ओर एक सकारात्मक कदम है। कहा कि पौधों को लगाने के साथ-साथ उनका देखभाल करना भी हमारी जिम्मेदारी होनी चाहिए। मंत्री ने कहा कि विवि के पर्यावरण में वृहद स्तर पर बदलाव हुआ है। स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण विवि परिवार के लोगों की सकारात्मक विचार का परिणाम है।

पौधरोपण के बाद मंत्री बायोटेक्नोलॉजी स्थित टीशू कल्चर लैब पहुंचे। कुलपति ने टीशू कल्चर विधि से केले की तैयार की जा रही पौधों एवं उनके रखरखाव के बारे में मंत्री को अवगत कराया। मंत्री ने नेट हाउस और ग्लास हाउस में रखे केले के पौधों को भी देखा। केले के पौधों की खेप देखकर मंत्री ने विवि द्वारा किए जा रहे कार्यों पर प्रशन्नता वयक्त की। मंत्री ने कहा कि केले की अधिक से अधिक पौध किसानों तक पहुंचाना होगा।
इस दौरान मंत्री ने मूल्य संवर्धन एवं प्रसंस्करण इकाई का निरीक्षण किया इसके बाद वे शैक्षिक प्रक्षेत्र पहुंचे। कुलपति व किसानों के साथ मिलकर उन्होंने धान की रोपाई भी की। उन्होंने फसलों की उचित पैदवार के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश भी दिए। उद्यान एवं वानिकी महाविद्यालय की ओर से वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके विश्वविद्यालय के समस्त अधिष्ठाता, निदेशक, शिक्षक, वैज्ञानिक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


