SURYA NEWS INDIA

गुणवत्तापूर्ण शोध कार्यों पर जोर दें वैज्ञानिक – कुलपति

आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौ‌द्योगिक विश्ववि‌द्यालय के उ‌द्यान एवं वानिकी महाविद्यालय में शुक्रवार को कुलपति ने समस्त शिक्षकों एवं वैज्ञानिकों के साथ बैठक कर कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान कुलपति ने महाविद्यालय के फल विज्ञान विभाग, सब्जी विज्ञान विभाग, कृषि वानिकी में चल रहे शोध कार्यों पर चर्चा की। इस दौरान कुलपति डा. बिजेंद्र सिंह ने गुणवत्तापूर्ण शोध कार्यों पर जोर दिया तथा कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वर्तमान समय में आंवला, ड्रैगन फ्रूट, अमरूद, बेल, जामुन इत्यादि फलों एवं सब्जियों पर वैज्ञानिक तरह-तरह के शोध कार्य कर रहे हैं। उन्होंने शिक्षण कार्यों को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए जिससे की समय पर छात्र-छात्राओं की परीक्षा आयोजित कर रिजल्ट घोषित किया जा सके। कुलपति ने कहा कि समय पर रिजल्ट घोषित होने से छात्र-छात्राओं को दूसरे शिक्षण संस्थानों में प्रवेश लेने में परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी। फल विज्ञान विभाग द्वारा तीन पेटेंट प्रकाशित किए जाने पर कुलपति ने अधिष्ठाता डा. संजय पाठक एवं फल विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डा. भानुप्रताप सहित समस्त शिक्षकों एवं वैज्ञानिकों को बधाई दी। कृषि वानिकी विभाग की सहायक प्राध्यापिका डा. अंजली तिवारी द्वारा लिखित पुस्तक वन प्रजनन और वृक्ष सुधार को कुलपति द्वारा विमोचित किया गया। इस मौके पर महावि‌द्यालय अधिष्ठाता डा. संजय पाठक, फल विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डा. भानु प्रताप, सब्जी विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डा. सीएन. राम सहित समस्त शिक्षक एवं वैज्ञानिक मौजूद रहे।

Leave a Comment

error: Content is protected !!