SURYA NEWS INDIA

दिसंबर माह में भी गुलाबी ठंडक… जानें कब पड़ेगी कड़ाके की ठंड

दिसंबर में भी ज्यादातर राज्यों में तापमान सामान्य से 3-5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा, 15 के बाद बढ़ेगी ठंड

नई दिल्ली। देश के अधिकतर इलाकों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं देखा जा रहा है, जबकि दिसंबर का महीना शुरू हो चुका है। ज्यादातर राज्यों में न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक अधिक है। आमतौर पर दिसंबर के पहले हफ्ते का तापमान 24 से 26 डिग्री के आसपास रहता है।

इस बार सात दिसंबर तक तापमान 26 डिग्री से नीचे जाने की संभावना नहीं है। इसके 26 या 27 डिग्री पर रहने के आसार हैं। 2011 से अब तक दिसंबर के पहले हफ्ते में मौसम का ऐसा मिजाज नहीं दिखा था। इस बार दिसंबर का पहला हफ्ता पिछले एक दशक में सबसे गर्म हो सकता है। अक्तूबर और नवंबर माह में बारिश न होने के कारण ठंड का आगाज देरी से हो रहा है।

12 से 15 दिसंबर के बाद ही ठंड के जोर पकड़ने की संभावना है। अक्तूबर, नवंबर और दिसंबर में बारिश ठंड को बढ़ाने के लिए जरूरी होती है, लेकिन यह पूरी तरह से पश्चिमी विक्षोभ पर निर्भर है। इस बार कमजोर पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत को प्रभावित नहीं कर पा रहे हैं रहे हैं। इसीलिए ठंड के आगमन में देरी हुई है।

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, बिहार, पंजाब, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा और तटीय आंध्र प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक यानी सामान्य से काफी ज्यादा है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!