SURYA NEWS INDIA

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह को कांग्रेसियों ने दी श्रद्धांजलि

नगर पंचायत कुमारगंज अयोध्या। देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं दुनिया के प्रसिद्ध अर्थशास्त्री डॉ मनमोहन सिंह जी का कल रात दिल्ली एम्स में लम्बी बीमारी के चलते 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। उनके निधन पर देशवासी शोकमग्न है जिसके चलते केंद्र सरकार ने देश में सात दिवसीय राष्ट्रीय शोक भी घोषित किया है

कुमारगंज बाजार में आज कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने एक शोक सभा आयोजित करके डॉ सिंह जी चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धा-सुमन अर्पित किया। शोकसभा में डॉ. सिंह को याद करते हुए कांग्रेस छात्र संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेश शुक्ला ने कहा कि डॉ मनमोहन सिंह जी का दस वर्षीय शासनकाल देश की जनता को भोजन-शिक्षा, सूचना और मनरेगा जैसे कई अधिकार देने वाला रहा है। उनका जाना देश के लिए अपूर्णनीय क्षति है।

वहीं संजय तिवारी ने कहा कि सिंह साहब आर्थिक उदारीकरण के लिए हमेशा याद किए जाएंगे। कार्यक्रम के संयोजक ब्लाक अध्यक्ष तेजबली पांडेय ने कहा कि सिंह साहब ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा विधेयक पास करके देश की जनता को भुखमरी से बचाने का काम किया है।

इस दौरान शोक सभा में किसान कांग्रेस के प्रदेश महासचिव दिनेश शुक्ल, सोशल मीडिया संयोजक शैलेन्द्र पांडेय, जिला उपाध्यक्ष अम्बरीष पांडेय, महिपाल सिंह, साधन सहकारी समिति बघौड़ा के अध्यक्ष विजय सिंह, संतोष तिवारी, जगप्रसाद कोरी, कृष्णदेव शर्मा सहित दर्जनों कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment

error: Content is protected !!