SURYA NEWS INDIA

राजपाल यादव की कामेडी फिल्म “कटहल” ओटीटी प्लेटफार्म नेटफ्लिक्स पर हुई स्ट्रीम

ओटीटी पर रिलीज हुई फिल्म कटहल भी उत्तर प्रदेश के एक ऐसे ही काल्पनिक शहर मोबा की कहानी है, जहां के माननीय विधायक (विजय राज) के घर से दो कटहल चोरी हो जाते हैं। राजनीतिक दबाव में पुलिस शहर से गायब हुई एक लड़की का मामले को दरकिनार कर विधायक जी के कटहल तलाशने में जुट जाती है। हालांकि इस मामले की जांच कर रही इंस्पेक्टर महिमा (सान्या मल्होत्रा) बेहद होशियारी से कटहल मामले को लड़की की किडनैपिंग से जोड़ देती है। इसके बाद पूरा महकमा उस लड़की को तलाशने में जुट जाता है। लेकिन क्या महिमा अपने मिशन में कामयाब हो पाती है? यह आपको फिल्म देखकर पता लगेगा।
फिल्म के डायरेक्टर यशोवर्धन मिश्रा ने सह लेखक अशोक मिश्रा के साथ मिलकर एक संवेदनशील मामले के कॉमिक अंदाज में पेश करने की कोशिश की है और वह उसमें काफी हद तक कामयाब भी हुए हैं। फिल्म किस्तों में आपका भरपूर मनोरंजन करती है, तो कई बार पटरी से उतर जाती है। फिल्म की शुरुआत एक अपराधी के पकड़ने के रोमांचक अभियान से होती है, लेकिन उसके बाद कहानी कटहल चोरी के मामले में उलझ जाती है। थोड़े भटकाव के बाद कहानी अपने असल ट्रैक पर आती है। थोड़े उलझे हुए स्क्रीनप्ले के बावजूद डायरेक्टर ने कॉमेडी के बहाने सरकारी व्यवस्था पर जोरदार व्यंग्य किया है।
कलाकारों की एक्टिंग की बात करें, तो सान्या मल्होत्रा फुल फॉर्म में हैं। उन्होंने इंस्पेक्टर के रोल को बढ़िया अंदाज में निभाया है। वहीं विजय राज छोटे मगर दमदार रोल में जमे हैं। अनंत जोशी उतने दमदार नहीं लगे। वहीं बृजेंद्र काला और रघुबीर यादव जैसे समर्थ अभिनेताओं का डायरेक्टर ने सही इस्तेमाल नहीं किया। अगर आप वीकेंड पर कोई हल्की फुलकी कॉमेडी के साथ मैसेज देने वाली फिल्म देखना चाहते हैं, तो इस फिल्म को देख सकते हैं।

Leave a Comment

error: Content is protected !!